एक भी मतदाता छूटे तो बीएलओे होंगे जिम्मेदार
प्रशासन की रही नजर, कई बूथों का किया निरीक्षण
फोटो सहित
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। मतदाता पुनरीक्षण अभियान के अंतिम दिन सभी बूथों पर बीएलओ ने मतदाता बनाने, नाम संशोधित करने आदि का कार्य किया। इस अभियान पर प्रशासन की नजर रही। भाजपा सहित अन्य दलों के लोग भी बूथों पर जमे रहे।
खलीलाबाद के जूनियर हाईस्कूल, प्राथमिक विद्यालय पटखौली, प्राथमिक विद्यालय बड़गो, हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज सहित सभी बूथों पर मतदाता बनाने व नाम संशोधित कराने के लिए फार्म भरवाया गया। एसडीएम एसपी सिंह ने कहा कि एक भी मतदाता छूटे तो बीएलओ जिम्मेदार होंगे। यह अभियान हैंसर, पौली, नाथनगर आदि विकास खंडों में भी चलाया गया।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार मतदाता पुनरीक्षण कार्य के अंतिम दौर में एसडीएम का तेवर सख्त नजर आया। उन्होंने मेंहदावल विकास खंड के हर बूथ पर पहुंचने का लक्ष्य तय करते हुए मतदाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों को चेतावनी दी कि एक भी मतदाता छूटा तो बीएलओ जिम्मेदार होंगे।
विकास खंड मेंहदावल की बागडोर एसडीएम जसधीर सिंह यादव संभाल रहे थे। सांथा व बेलहरकलां विकास खंड की बागडोर नायब तहसीलदार वाचस्पति सिंह व तहसीलदार प्रियंका चौधरी के हाथों में थी। एसडीएम जसधीर सिंह यादव कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय मेंहदावल पर पहुंचे और मतादाता पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारियों से जानकारी लेते हुए फार्म संख्या-छह,फार्म संख्या-सात व फार्म संख्या-आठ की जहां विस्तृत जानकारी ली वही पुरुष व महिला के अनुपात क्रम की जानकारी लेते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिया कि बूथ में निहित वार्ड के प्रत्येक घर पर जाते हुए मतदाता से वंचित लोगों को मतदाता सूची में सम्मलित कराएं। जो लोग एक की जगह अन्य स्थानो पर भी मतदाता बनकर मतदाता सूची में अपना नाम अंकित कराएं है उनके नामों का निरस्तरीकरण की प्रक्रिया पूरी करते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश व डीएम के आदेश का पालन शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। यदि इस पुनरीक्षण कार्य में लापरवाही हुई तो संबंधित बीएलओ व पुनरीक्षण कार्य में लगे कर्मचारी बक्शे नही जाएंगे उनके विरुद्व कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी।