कबीर चौरा पहुंचा विदेशी पर्यटकों का दल
फोटो
कबीर के समाधि और मजार का दर्शन किया
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। कबीर ने जिस तरह से मानवता की बात करते हुए सभी मानव को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया, उसी तरह से भगवान बुद्ध ने भी लोगों को इंसानियत का संदेश दिया था। आज के परिवेश में कबीर व बुद्ध के विचारों एवं संदेशों को अपनाने से समाज को सही दिशा मिल सकती है।
उक्त विचार स्विट्जरलैंड व अमेरिका से कबीर दर्शन को आए 16 पर्यटकों के टीम के लीडर एम जॉन ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि उनके देश से आठ तथा अमेरिका से आठ लोगों का समूह 18 दिन के भ्रमण पर भारत आया हुआ है। यहां पर भगवान बुद्ध से जुड़े स्थान का दर्शन करने के बाद कुशीनगर से मगहर कबीर चौरा पर कबीर दर्शन के लिए आए। उन्होंने बताया कि स्कूल के समय में कबीर के बारे में किताबों में पढ़ा था। तभी से कबीर के बारे में जानने की जिज्ञासा हुई जो आज पूरी हो गई। टोली के साथ आए अमेरिका के सुबोन जैन बौद्धिस्ट ने कहा कि आज पूरा विश्व आतंकवाद, सांप्रदायवाद आदि से जूझ रहा है। जिसे मिटाने के लिए कबीर के दर्शन व उनकी वाणी को आत्मसात कर मानव जाति में जागृति आ सकती है। इनके साथ भारत सरकार के नालंदा के पर्यटन गाइड नीरज कुमार पूरी टीम को कबीर के बारे में महंत विचार दास से हिंदी में पूंछ कर उसे अंग्रेजी में अनुवाद के माध्यम से बता रहे थे। विदेशी सैलानियों ने कहाकि यहां पर जो शांति मिली है और जगहों पर बहुत कम ही मिल पाती है। इस दौरान शेंजी, चिकी, कैडो, डियाने, महंत विचार दास, शांति दास, केशव दास, अरविंद दास शास्त्री आदि लोग मौजूद रहे।