ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर हर दांव आजमा रहे प्रत्याशी
- अपनी जीत के लिए क्षेत्र पंचायत सदस्यों का कर रहे मान मनौव्वल
फोटो है अमर उजाला ब्यूरो
बाघनगर। सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख चुनाव की तिथि घोषित होते ही संभावित उम्मीदवार वोटरों को साधने में जोर शोर जुट गए हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को रिझाने के साधन तलाशे जा रहे हैं। दावेदारों की भागदौड़ से बीडीसी सदस्यों का भाव बढ़ गया है।
सेमरियावां ब्लॉक प्रमुख चुनाव के लिए 15 सितंबर की तिथि घोषित की गई है। यहां 121 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। ब्लॉक प्रमुख पद के लिए संभावित उम्मीदवारों ने गांव-गांव बीडीसी सदस्यों से संपर्क करना तेज कर दिया है। दावेदार चुनावी तिथि का ऐलान होते ही सारे कील कांटे दुरूस्त करने में जुट गए हैं। किस गांव में किसको कैसे साधा जाए, कौन वोट कैसे प्रभावति होगा आदि सोच विचार तेज कर दिए हैं। गांव- गांव जाकर वोटरों से मिल कर हौसला व आशीर्वाद मांग रहे हैं। क्षेत्र के विकास का पिटारा खोलने का दावा कर रहे हैं। बीडीसी सदस्य भी मौके की नजाकत को देखकर अभी चुप्पी साधे हुए है। अधिकांश चेहरे राजनीति में नए नजर आ रहे हैं। संभावित दावेदारों की मेहनत से चुनाव रोचक होने की उम्मीद बढ़ गई है।