संतकबीरनगर। जिले में आयुष्मान भारत-राष्ट्रीय स्वास्थ्य सुरक्षा मिशन का शुभारंभ रविवार को जिले में भी हो गया। एचआरपीजी कॉलेज खलीलाबाद सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पांच लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड देकर सांसद शरद त्रिपाठी ने इसका उद्घाटन किया। योजना के तहत जिले के 79564 परिवारों का पांच लाख रुपये तक का मुफ्त उपचार हो सकेगा। उन्होंने इस योजना को मील का पत्थर बताया।
योजना के तहत जिन पांच लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड दिया गया, उसमें बघौली विकास खंड के बालूशासन गांव के निवासी विजय लक्ष्मी, रामकेटावन, पड़ोही, सुभाष व राजेंद्र शामिल है। कार्यक्रम में मौजूद विधायक धनघटा श्रीराम चौहान ने कहा कि पूरी दुनिया में सरकारी रुपये से इतनी बड़ी योजना किसी भी देश में नहीं चल रही है। देश के 10.74 करोड़ लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
डीएम भूपेंद्र एस. चौधरी ने कहा कि यह योजना गरीबों के इलाज में बेहतर साबित होगी।
सीएमओ डॉ. अभय चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जिले में 79564 लोगों का चयन आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया है। इसमें बेलहर ब्लॉक में 6189, बघौली में 11495, सांथा में 7340, मेंहदावल में 7923, सेमरियावां में 9590, खलीलाबाद में 9736, नाथनगर में 10468, पौली में 5513 तथा हैंसर में 11318 लोग शामिल हैं। इन सभी को जल्द ही गोल्डन कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर सीडीओ हाकिम सिंह, अपर सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ला, सीएमएस डॉ. पंकज टंडन, डॉ. आलोक सिन्हा, डॉ. एस रहमान, सुनील चौधरी, विनीत श्रीवास्तव, संजीव सिंह, मृत्युंजय गुप्ता, दीनदयाल वर्मा, डॉ. वीपी पांडेय, सत्येंद्र यादव, नपा अध्यक्ष खलीलाबाद श्यामसुंदर वर्मा, संगीता वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष राम ललित चौधरी, महेंद्र नाथ दूबे, गुुड्डू वर्मा, बनार्जी लाल अग्रहरि, राम मिलन यादव, अश्वनी चौरसिया, रविंद्र कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।