बखिरा (संतकबीरनगर)। बुधवार को बीएमजीएन इंटर कॉलेज में सुबह छह से सात बजे तक योग शिविर का आयोजन हुआ। 10 दिवसीय योगाभ्यास शिविर के तीसरे दिन आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक सुनील गुप्ता ने ग्रीवा चालन, कटि चालन, ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्द्धचक्रासन, श्वसन क्रिया के माध्यम से योग के महत्व को समझाया।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस है। जिला प्रशासन की देखरेख में बखिरा में योगाभ्यास शिविर का दस दिवसीय आयोजन निर्धारित है। यह योगाभ्यास शिविर प्रिंसिपल राजकपूर तिवारी की देखरेख में संपन्न होगा। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एक विशाल योग का कार्यक्रम भी होगा।
प्रशिक्षक ने शिविर में भाग ले रहे लोगों को योग के महत्व को बताते हुए कहा कि योग की क्रियाएं शरीर के सभी धमनियों में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने का कार्य करती है। यह मस्तिष्क को मजबूत करते हुए यादाश्त क्षमता में वृद्धि करता है। हृदय, फेफड़ा समेत समस्त अंगों के कार्य क्षमता को सुधारकर स्वस्थ बनाता है। प्रत्येक व्यक्ति को प्रतिदिन 30 मिनट का समय योग के लिए अवश्य ही निकलना चाहिए।
इस दौरान नवल तिवारी, सुरेंद्र पाठक, भालचंद, हरिशंकर, राजेश, गुड्डू समेत करीब 24 लोगों ने भाग लिया। इसी क्रम में हीरालाल राम निवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद परिसर में भी योगाभ्यास कराया गया, इसमें प्रधानाचार्य आरके सिंह, रामयज्ञ आदि लोग शामिल रहे।