यह भी संयोग है...
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। यह भी संयोग ही है कि जिले के प्रभारी मंत्री आशुतोष टंडन जब भी प्रभारी के रूप में जनपद में आए, कुछ न कुछ अनहोनी हो गई। इस बार भी ऐसा ही हुआ। इसे लेकर लोगों में खूब चर्चाएं हो रही हैं।
प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य शिक्षा मंत्री आशुतोष टंडन जिले का प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहली बार जिला अस्पताल का निरीक्षण करने आए थे। उस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई थी। इसके बाद योजनाओं के लोकार्पण कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री पहुंचे तो वहां बने मंच के लोहे का पिलर टूटकर गिर गया। इस घटना में प्रभारी मंत्री सहित कई लोग बाल-बाल बचे थे। कुछ दिन बाद फिर प्रभारी मंत्री फिर जिले में आए तो प्रशासन की एक जीप पलट गई। इसके बाद से उनका जिले में आगमन कम हो गया। चुनाव से पहले जिला योजना की बैठक में इस बार जब फिर उनका आगमन हुआ तो मेंहदावल के विधायक राकेश सिंह बघेल और सांसद शरद त्रिपाठी एक-दूसरे से भिड़ गए। कई घंटे तक हंगामा होता रहा। उनके जाने के बाद लोग यहीं कहते सुने गए कि यह भी अजीब संयोग है जब भी प्रभारी मंत्री जिले में आते हैं, कुछ न कुछ अनहोनी हो जाती है।