लखनऊ के धरने में जाएंगे वित्तविहीन शिक्षक
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (वित्तविहीन) के जिला पदाधिकारियों की बैठक शुक्रवार को बाबू चंद्रशेखर सिंह बालिका इंटर कॉलेज में हुई। इसमें 20 नवंबर को लखनऊ में मानदेय की बहाली व अन्य मांगों के लिए आयोजित धरने को सफल बनाने पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष समयदेव पांडेय ने कहा कि हक पाने केे लिए वित्तविहीन स्कूलों के सभी शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को एकजुट होना है। 20 नवंबर को लखनऊ में आयोजित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्माचारी शत-प्रतिशत भागीदारी दर्ज कराएं। माध्यमिक शिक्षा अभियान को सफल बनाने में वित्तविहीन स्कूलों के कर्मचारियों की भूमिका विशेष महत्व रखती है। इसके बाद भी शासन वित्तविहीन शिक्षकों के कल्याण के लिए सार्थक पहल नहीं कर रहा है।
बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष विनोद कुमार कन्नौजिया ने की। इस दौरान अविनाश सिंह ऊर्फ बुलबुल, ब्रह्मदेव सिंह, अवधेश कुमार साहनी, गंगा प्रसाद दूबे, दिनेश तिवारी, विजय पांडेय, सुभाषचंद्र विश्वकर्मा, शिवकुमार तिवारी समेत कई शिक्षक नेता मौजूद रहे।