संतकबीरनगर। महुली क्षेत्र के मथुरापुर गांव के रहने वाले एक किसान की ठंड से गुरुवार की रात मौत हो गई। घटना की सूचना पर शुक्रवार को नायब तहसीलदार और लेखपाल किसान के गांव पहुंच गए। परिजन और गांव वालों ने किसान की मौत की वजह को ठंड बताया। उसके बाद नायब तहसीलदार ने पुलिस बुलाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
मथुरापुर गांव निवासी 48 वर्षीय चंद्रिका प्रसाद यादव पुत्र स्वर्गीय राम सहाय यादव गुरुवार को आलू के खेत में सिंचाई करने गए थे। शाम को घर लौटे तो पेट में तेज दर्द शुरु हो गया। परिजन और गांव के लोग उन्हें पहले नाथनगर सीएचसी ले गए,जहां से रेफर किए जाने पर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां भी प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जैसे ही लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे,वैसे ही देख कर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। किसान चंद्रिका प्रसाद की पत्नी सुमित्रा देवी ने बताया कि खेत से काम करके लौटने पर पति ठंड से कांप रहे थे। ठंड लगने की बात की बार- बार बता रहे थे और कुछ ही देर बाद पति के पेट में तेज दर्द उभर गया। ठंड की वजह से ही पति की मौत हो गई। प्रधान गंगा प्रसाद यादव, अभिमन्यु यादव, लालजी यादव, राधेश्याम, जयसिंह, मानसिंह और संतू आदि ने भी किसान चंद्रिका प्रसाद यादव की मौत ठंड से ही होना बताया। नायब तहसीलदार वीरेंद्र पांडेय, हल्का लेखपाल अशोक पाल मौके पर पहुंच गए और लोगों से पूछताछ की तो सभी ठंड से ही मौत होना बताया। नायब तहसीलदार ने बताया कि ठंड से मौत की वजह की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही होगी। ऐसे में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया गया। यदि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ठंड से मौत होने की पुष्टि हुई तो पीड़ित परिजन को आर्थिक सहायता के तौर पर चार लाख रूपये मुहैया कराई जाएगी। इसके अलावा किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।