- दिसंबर तक बालिकाओं को प्रशिक्षण देने का है लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के परिषदीय स्कूलों में अध्यनरत 18 हजार छात्राओं को इस साल सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसको लेकर विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। रानी लक्ष्मी बाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत यह प्रशिक्षण दिया जाना है। पहले चरण में यह प्रशिक्षण आवासीय विद्यालयों में शुरू होगी। दिसंबर तक सभी बालिकाओं को पूरी तरह से दक्ष बनाया जाना है।
जिले में 192 उच्च प्राथमिक विद्यालय और 250 कंपोजिट विद्यालय है। इसके साथ ही सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय है। यह प्रशिक्षण कक्षा छह से आठ तक की छात्राओं को दी जानी है। इसके किलए शासन की ओर से बजट की मंजूरी दी गई है। इसके तहत उच्च प्राथमिक विद्यालयों में तैनात शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। दिसंबर 2024 तक योजना के तहत बालिकाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य तय किया गया है। वर्तमान समय में चुनाव आचार संहिता लागू है। लोक सभा चुनाव के बाद विभाग की तरफ से कार्यक्रम का विस्तृत विवरण जारी होगा।
बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि जिले के उच्च प्राथमिक विद्यालय व कस्तूरबां गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की योजना है। चुनाव बाद अगली प्रकिया शुरू होगी।