कोरोना : जिले में 18 कंटेनमेंट जोन बनाए गए
- अग्रिम आदेश तक सक्रिय रहेगा कोविड एल-टू हॉस्पिटल
- अस्पताल में तैनात कर्मियों की एक माह और बढ़ाई जा रही सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में लगातार कोरोना के मरीज बढ़ रहे हैं। इसको देखते हुए जिले में 18 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में स्थापित 200 बेड के कोविड एल-टू हॉस्पिटल को फिर से सक्रिय कर दिया गया है, यहां के कर्मचारियों का 31 मार्च को समाप्त हो रहे सेवा काल को एक माह तक बढ़ाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है। इसके साथ ही खाने के टेंडर का नवीनीकरण कर दिया गया है।
पिछले एक सप्ताह से जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। महाराष्ट्र व अन्य प्रदेशों से आने वाले लोगों को रेलवे स्टेशन और मेंहदावल बाईपास पर कोरोना की एंटीजन जांच की जा रही है। जिसमें प्रतिदिन मरीज मिल रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने पर स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। अपर सीएमओ डॉ. मोहन झा ने बताया कि जिला अस्पताल के एमसीएच विंग में बने एल-टू अस्पताल की क्षमता 200 बेड की है। अस्पताल में वर्तमान समय में 12 मरीज भर्ती हैं। इस अस्पताल में तैनात 23 कर्मचारियों की सेवा 31 मार्च को समाप्त हो रही है। जिसे एक माह और बढ़ाने के लिए शासन को पत्र भेज दिया गया है। अस्पताल को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है। अगर जरूरत पड़ी तो अन्य प्राईवेट अस्पतालों को भी अधिग्रहित कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में मरीजों की संख्या मिलने पर उनके घर को कंटेनमेंट जोन बना दिया गया है। जिले में 18 कंटेेनमेंट जोन हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कोरोना पॉजिटिव मिल रहे हैं अगर वह पहले से किसी बीमारी से पीड़ित है तो उन्हें एल-टू अस्पताल में भर्ती करा दिया जा रहा है। जिन्हें कोई बीमारी नहीं है तो उन्हें होम आइसोलेट किया जा रहा है। बाहर से आने वाले लोग कोरोना की जांच करा लें। इसके साथ ही सामाजिक दूरी का पालन करें और मास्क जरूर पहनें।
इन ब्लॉकों में बना है कंटेनमेंट जोन
खलीलाबाद ब्लॉक में तीन, बघौली ब्लॉक में छह, सांथा ब्लॉक में दो, नाथनगर में दो, पौली में दो, मेंहदावल में दो, बेलहर कला ब्लॉक में एक जगह कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।