संतकबीरनगर। सांसद आदर्श गांव साडे़खुर्द में क्षतिग्रस्त सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई हैं। गांव में पाइप लाइन बिछाने के लिए नवनिर्मित सीसी मार्ग को जल निगम ने तोड़ तो दिया लेकिन अब पाइप लाइन का कार्य पूरा होने पर टूटी सड़क को दुरुस्त कराने से कतरा रहा हैं। इससे नाराज ग्रामीणों ने रविवार को गांव में प्रदर्शन कर जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
सांसद आदर्श गांव साडे़खुर्द को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए दो वर्ष पूर्व सीसी रोड का निर्माण हुआ था। इसी दौरान जल निगम की तरफ से गांव में जलापूर्ति की व्यवस्था के लिए पाइप लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया। पाइप लाइन डालने के लिए सीसी रोड को तोड़ तो दिया गया लेकिन पाइप लाइन का कार्य पूरा होने के बाद अब विभाग क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत में हीलाहवाली कर रहा है। इससे नाराज गांव वालों ने रामनगीना सिंह व रामभवन के नेतृत्व में गांव में प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि नवनिर्मित सड़क तोड़कर पाइप लाइन बिछाते समय कार्यदायी संस्था के लोगों ने काम पूरा होने के बाद सड़क ठीक कराने का भरोसा दिया था। अब जबकि पाइप लाइन का काम पूरा हो गया तो विभाग के अधिकारी गांव की तरफ आ ही नहीं रहे हैं। उधर, नवनिर्मित सीसी रोड टूट जाने से लोगों को आवागमन में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। गांव वालों में प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की अविलंब मरम्मत कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में प्रमोद सिंह, देवी शरण, सुभाष, मुराली, बेलास, लालचंद्र, शिवमूरत, गौरीदीन, निराला समेत कई अन्य लोग शामिल थे।