संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के मंडलीय मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा है कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर माध्यमिक शिक्षक संघ बायोमेट्रिक मशीन के जरिए हाजिरी लिए जाने का विरोध करेगा। विरोध कार्यक्रम के प्रथम चरण में नौ अगस्त को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा, और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को प्रेषित किया जाएगा। वे सोमवार को मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में शिक्षक संघ की मंडलीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक मशीन विरोध कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बस्ती में रामपूजन सिंह, सिद्धार्थनगर में विजय बहादुर सिंह व संतकबीरनगर में गिरिजानंद यादव व मोहिबुल्लाह खान को जिम्मेदारी सौंपी गई है। बायोमेट्रिक हाजिरी मशीन के जरिए विद्यालयों में तानाशाही प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष व एमएलसी चेतनारायण सिंह व राज बहादुर सिंह चंदेल ने विधान परिषद में नियम 110 के तहत सरकार से प्रश्न पूछा है, और लोक महत्व के इस प्रश्न पर जवाब मांगा है। नेताद्वय ने कहा है कि बायोमेट्रिक हाजिरी मशीन प्राथमिक शिक्षा व उच्च शिक्षा में नहीं लागू की गई है, तो फिर माध्यमिक शिक्षा में इसे क्यों लागू किया जा रहा है। सवाल खड़े करते हुए कहा है कि माध्यमिक शिक्षा को अभिनव प्रयोग की प्रयोगशाला न बनाया जाए। इस दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मार्कंडेय सिंह, राम पूजन सिंह, गिरिजानंद यादव, मोहिबुल्लाह खान, अब्दुल मुदस्सिर खां, गोपाल जी सिंह, राम नारायण पांडेय, जितेंद्र कुमार, अरुण कुमार ओझा, राम चंद्र यादव, विजय बहादुर सिंह, गुलाब चंद्र मौर्या, जय प्रकाश मिश्र उपस्थित रहे।