पंचायत चुनाव के प्रथम चरण में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए मंगलवार को अंतिम दिन 3512 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसमें ग्राम प्रधान पद के लिए 862 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 2650 नामांकन पत्र शामिल हैं। पहले दिन कुल 1514 लोगों ने नाम निर्देशन पत्र रिटर्निग अधिकारी के समक्ष दाखिल किया था। इसमें ग्राम प्रधान के लिए 917 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 597 नामांकन शामिल थे। इस प्रकार तीनों ब्लाकों मेें कुल 5026 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है।
मेंहदावल, सांथा व बेलहरकला विकास खंड में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए मंगलवार को सुबह आठ बजे से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया ब्लॉक मुख्यालयों पर शुरू हुई, जो शाम को चार बजे तक चली। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
सांथा विकास खंड के आरओ जेपी मिश्र ने बताया कि दूसरे दिन ग्राम प्रधान पद के लिए 303 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 846 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसी प्रकार मेंहदावल विकास खंड के आरओ एके सिंह ने बताया कि मेंहदावल में ग्राम प्रधान पद के लिए 289 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 993 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।
जबकि बेलहरकला विकास खंड के आरओ केके जायसवाल ने बताया कि बेलहरकला में अंतिम दिन ग्राम प्रधान पद के लिए 270 तथा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 811 लोगों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार व पुलिस अधीक्षक बीपी श्रीवास्तव ने तीनों ब्लाकों पर चले नामांकन की जायजा लिया और नामांकन कार्य में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
फरदहा में ग्राम प्रधान पद के लिए सिर्फ एक नामांकन ः मेंहदावल। मेंहदावल विकास खंड के फरदहा में ग्राम प्रधान पद के लिए सिर्फ रिजवान पुत्र मोहम्मद अकरम खां ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। ऐसे में उनका निर्विरोध चुना जाना तय है। हालांकि परिणाम की घोषणा मतगणना के दिन की जाएगी।