संतकबीरनगर। प्रधानमंत्री आवास के लाभार्थियों के सत्यापन के लिए आधारकार्ड को सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज माना जा रहा है। लाभार्थियों ने जो आधार नंबर फीड कराया था, उसमें गड़बड़ी पाई गई। उसके बाद सभी लाभार्थियों के आधार नंबरों का सत्यापन कराने के साथ ही गलत नंबर पर दुबारा सही नंबर फीड कराने के निर्देश दिए गए थे। पर अब भी 913 लाभार्थियों के आधार नंबर फीड नहीं हो पाए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वर्ष 2016-17, 2017-18 और 2018-19 में अलग-अलग किस्तों में कुल मिलाकर 17043 आवास आवंटित हुए हैं। पूर्व के वर्षों में आवंटित लाभार्थियों को जोड़कर कुल 19027 लाभार्थियों के आधारकार्ड नंबर का दोबारा सत्यापन करते हुए सभी नंबर फीड किए जाने थे। पिछले वर्ष अक्तूबर में हुई समीक्षा में करीब पांच हजार आधार नंबर गड़बड़ थे। बार-बार आदेश के बावजूद अब भी 913 लाभार्थियों के आधार नंबर फीड किए जाने बचे हैं। बीते 17 मार्च को सीडीओ ने जो समीक्षा की, उसमें यह स्थिति सामने आई। सीडीओ ने 31 मार्च से पहले सभी लाभार्थियों के सही आधार नंबर फीड कराने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ के अनुसार अभी भी बघौली में 39, बेलहरकलां में 113, हैंसर बाजार में 381, मेंहदावल में नौ, नाथनगर में 46, पौली में 52, सांथा में 172 और सेमरियावां में 101 लाभार्थियों के आधार नंबर फीड किए जाने हैं। नंबर फीड करने में सबसे खराब प्रगति हैंसर बाजार और सांथा ब्लॉक क्षेत्र की है। सबसे अच्छी प्रगति खलीलाबाद और मेंहदावल ब्लॉक क्षेत्र में है। सीडीओ हाकिम सिंह ने कहा कि सभी बीडीओ को आधार फीडिंग और आवास निर्माण 31 मार्च से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में कार्य पूर्ण नहीं होने पर कार्रवाई होगी।