कोड़रा गांव में महिला महासभा ने बैठक की।
- फोटो : अमर उजाला
हैंसर। भारतीय महिला महासभा की बैठक रविवार को विकास खंड हैंसर बाजार के कोड़रा गांव में हुई। बैठक में संगठन की प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं को आगाह करते हुए कहा कि मतदान के पहले जरूर परखें कि किसे वोट देने जा रहीं हैं। उस प्रत्याशी का चाल, चरित्र और चेहरा कैसा है। उसके बाद ही अपने अमूल्य मताधिकार का प्रयोग करे।
प्रदेश अध्यक्ष शीला यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान नेता और उनकी पार्टी नारी हित की लंबी बातें करते हैं, लेकिन जब चुनाव समाप्त हो जाता तो लोग अपना वादा भूलकर महिलाओं की समस्याओं को अनदेखा करने लगते हैं। जिसका नतीजा है कि आज चौकठ के भीतर से लेकर बाहर तक महिलाएं उत्पीड़न का शिकार हो रही और इस आधी आबादी की तरफ सरकार का ध्यान नही जा रहा है। उन्होंने कहा कि जितना जरूरी मतदान करना होता है उतना ही आवश्यक प्रत्याशी का पहचान करके वोट देना है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव बन व बिक रही कच्ची शराब महिलाओं के लिए अभिशाप बनी हुई है। बार बार कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग किया जा रहा है लेकिन शासन प्रशासन के लोग चुप्पी साधे हुए हैं। इसी तरह विकास कार्यों में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। गरीब जहां अपने हक और अधिकार से वंचित है वही अपात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इस मौके पर अनीता गौतम, मीना चौधरी, सुनीता चौहान, रामरति, अनीता, मंजू, अंजना, किताबी, शकुंतला आदि मौजूद रही।