धनघटा (संतकबीरनगर)। नगर पंचायत हरिहरपुर में शुक्रवार को बोर्ड के सभासदों की बैठक हुई। इसमें भाजपा के चेयरमैन पद के प्रत्याशी रहे बनवारीलाल पर ओडीएफ अभियान का विरोध करने का आरोप लगाते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। इसके अलावा बोर्ड ने पूर्व चेयरमैन के खुले में शौच जाने की सूचना देने पर 10 हजार और फोटो उपलब्ध कराने वाले पर 21 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई। इसको लेकर नगर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शुक्रवार को नगर पंचायत हरिहरपुर के कार्यालय में चेयरमैन जितेन्द्र कन्नौजिया की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व चेयरमैन एवं सभासद रविंद्र प्रताप शाही उर्फ पप्पू शाही ने पूर्व चेयरमैन बनवारी लाल पर नगर को ओडीएफ बनाने में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया। इनका कहना था कि नगर के स्वच्छता ग्राहियों द्वारा खुले में शौच जाने वालों को सुधारने के लिए जो प्रयास किया जा रहा है, पूर्व चेयरमैन उसके विपरीत कार्य कर रहे हैं। पूप्पू शाही के अनुसार बृहस्पतिवार को पूर्व चेयरमैन लोगों को खुले में शौच जाने की अनुमति दिलाने के लिए डीएम से मिलने गए थे।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने इस पर पूर्व चेयरमैन बनवारी लाल के खुले मे शौच जाने की सूचना देने वाले को 10 हजार और उसकी फोटो उपलब्ध कराने वाले को 21 हजार रुपये का पुरस्कार देने का निर्णय लिया। इस बैठक में बताया गया कि नगर पंचायत के कुल 70 लोगों पर खुले मे शौच करने के चलते 200-200 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसमें से 35 लोगों से जुर्माना की राशि भी वसूल की जा चुकी है। नगर पंचायत को अक्तूबर के अंत तक ओडीएफ घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है।
नगर पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र कन्नौजिया ने बताया कि नगर के सभी 17 सूअरबाड़ों को हटाकर कठिनइया नदी के किनारे आबादी से दूर स्थानांतरित कर दिया गया है। इस दौरान अंबिका, जयराम मांझी, पंकज, उमा श्रीवास्तव, रामप्रसाद, रामसिंह गुप्ता, कलावती आदि सभासद मौजूद रहे।