संतकबीरनगर। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं नेे शनिवार को भी बाल विकास परियोजना कार्यालय खलीलाबाद पर ब्लाक अध्यक्ष विजय लक्ष्मी गौड़ की अध्यक्षता में धरना दिया। इस दौरान राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने व मानदेय बढोत्तरी की मांग की। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं ने कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं की जाएंगी तब तक धरना जारी रहेगा।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका शनिवार को प्रात: दस बजे खलीलाबाद स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय पहुंची और धरना दिया। ब्लाक अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार हमारी मांगों को लेकर उदासीन है। उन्होंने कहा कि 18 सितंबर से लगातार धरना चल रहा है, लेकिन सरकार आंख मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि सरकार नारी सशक्तीकरण को लेकर बड़ेे-बड़े दावे करती है, लेकिन कई दिनों से हड़ताल पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की तरफ ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक धरना चलता रहेगा। धरना में अशोक आर्य, अशोक राय, रघुनाथ प्रसाद, शिव बचन, गायत्री देवी, तारा देवी, सुमन देवी, आरती वर्मा, सीमा गौतम, इंद्रावती, प्रमिला, चित्रकला, रीता पांडेय, संगीता, आशा श्रीवास्तव, शशिकला, ज्ञान श्रीवास्तव, कमलावती, कमलेश, राधिका देवी, साजिदा खातून, बसंती देवी, शशिप्रभा, इंद्रावती, सुमित्रा देवी आदि शामिल रहे।