- सरकारी कार्यालयों समेत दुकानदारों के काम में आया बाधा
- विद्युत सब स्टेशन मुखलिसपुर से जोड़कर धनघटा में देर शाम बहाल हुई विद्युत आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर-धनघटा। विद्युत सब स्टेशन धनघटा में बृहस्पतिवार की रात आई तकनीकी खराबी के कारण धनघटा कस्बा, तहसील, थाना, उप निबंधक कार्यालय में बिजली सप्लाई ठप रही। जिससे कामकाज में बाधा उत्पन्न हुआ। शाम लगभग सात बजे तक खराबी ठीक न हो पाने के कारण विद्युत सब स्टेशन मुखलिसपुर से जोड़कर धनघटा में बिजली सप्लाई शुरू की गई।
बृहस्पतिवार की रात में करीब दो बजे विद्युत उप केंद्र में जोर के साथ आवाज हुई। आग की लपट निकली उसके बाद विद्युत सप्लाई ठप हो गई। जिसे ठीक करने की कोशिश तभी से शुरू की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह होते ही एसडीओ पीपी वर्मा, जेई चंद्रभूषण विद्युत संविदा कर्मी दिनेश पांडेय, राज कपूर आदि के साथ आई खराबी को दूर करने की कोशिश में जुट गए। लेकिन जब जब बिजली सप्लाई शुरू की गई तब तब मशीन आवाज करके बैठ गई। विद्युत सब स्टेशन में आई खराबी से तहसील, थाना में कामकाज तो प्रभावित ही हुए साथ ही साथ दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एसडीओ पी पी वर्मा ने बताया कि मशीन का पैनल खराब हो गया है। जिसे ठीक किया जा रहा है। मशीन की साफ सफाई भी कराई जा रही है। धनघटा में बिजली सप्लाई विद्युत सबस्टेशन मुखलिसपुर से जोड़कर शुरू कर दी गई है। विद्युत उपकेंद्र धनघटा में आई खराबी को ठीक करने के बाद इसे पुनः चालू कर दिया जाएगा।