16 कर्मचारी अनुपस्थित मिले
सेवायोजन समेत कई कार्यालयों का एडीएम ने किया निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। डीएम दिव्या मित्तल के निर्देश पर शुक्रवार को एडीएम मनोज कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट का निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिला सेवा योजन अधिकारी समेत विभिन्न विभागों में कार्यरत 16 कर्मी अनुपस्थित पाए गए। एडीएम ने संबंधित विभागों के विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि अनुपस्थित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगें। संतोषजनक जवाब नहीं होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एडीएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि कार्यालय जिला बाल संरक्षण इकाई में कार्यरत परामर्शदाता सरिता सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता राना परवीन, सतीश कुमार, वैभव श्रीवास्तव, विजय कुमार, वीरेंद्र कुमार, सीताराम अनुपस्थित पाए गए। जबकि जिला सेवायोजन कार्यालय में कार्यरत जिला सेवायोजन अधिकारी के साथ-साथ कनिष्ठ सहायक अमित रावत भी अनुपस्थित पाए गए। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी कार्यालय में कार्यरत पेशी कानूनगो उमाशंकर राव, चकबंदीकर्ता माखन लाल, भागीरथी एवं चकबंदी लेखपाल शैलेश कुमार तथा संजीव कुमार अनुपस्थित पाए गए। कार्यालय अभिहित अधिकारी खाद्य सुरक्षा में कार्यरत कनिष्ठ सहायक अमित कुमार अनुपस्थित पाए गए। एडीएम ने बताया कि अनुपस्थित पाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष को दिए गए हैं।