रोसया बाजार। क्षेत्र के गागरगाड़ निवासी महिला को शनिवार को परिजनों ने पंखे से लटका हुआ देखा। आनन-फानन में उसे उतारकर सीएचसी मलौली ले गए। जहां उसकी हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से महिला को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में ले जाया गया है। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
गागरगाड़ निवासी इंद्रेश यादव की पत्नी प्रमिला (35) शनिवार की सुबह जब अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो परिवार के लोग आवाज लगाना शुरू किए। अंदर से आवाज न आने पर शक हुआ और फाटक को तोड़कर कमरे में पहुंचे। वहां की हालत देख परिजन दंग रह गए। प्रमिला पंखे से लटकी हुई थी। परिवार के लोग शोर मचाए तो पड़ोस के लोग भी वहां आ गए। आनन- फानन में उसे नीचे उतारकर सीएचसी मलौली पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक बताते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी महिला को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया। जहां उपचार चल रहा है। इस संबंध में धनघटा के प्रभारी एसओ संजय कुमार पांडेय ने कहा कि इस तरह की घटना की सूचना नहीं है। पता कराया जाएगा।