युवक की मौत की सूचना िमलने पर रोते-बिलखते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
लोहरौली। दुधारा क्षेत्र के भगौसा घाट स्थित आमी नदी में सोमवार को एक युवक की डूबकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिवार के लोगों का रो रोकर बुरा हाल है। युवक के पिता बस्ती जनपद में पुलिस विभाग में दीवान के पद पर तैनात हैं।
गोरखपुर जनपद के बांसगांव थाना क्षेत्र के शेेरो गांव निवासी रवि (22) पुत्र गिरीश प्रजापति अपनी बहन के घर दुधारा थाना क्षेत्र के गोतूखोर में रहकर डीजे चलाने का कार्य करते थे। वह सोमवार की सुबह भसौसा घाट स्थित आमी नदी में नहाने गए थे। नहाते समय वह डूबने लगे तो आसपास नहा रहे लोगों ने शोर मचाया। लोगों ने उन्हें किसी तरह से नदी से बाहर निकाला। इस बीच उनकी मौत हो गई थी। सूचना पर उनके बहन के घर के लोग मौके पर पहुंच गए। रवि के पिता गिरीश प्रजापति बस्ती पुलिस लाइन में दीवान के पद पर तैनात हैं। वह भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए। लोग रवि के शव को दुधारा थाने लेकर आए। जहां पर कागजी कार्रवाई पूरी कर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रवि की मौत से परिजनों को रो रोकर बुरा हाल है। रवि की अभी एक साल पहले ही शादी हुई थी। रवि की मौत पत्नी कुुसुम का रो-रोकर बुरा हाल था। इस संबंध में एसओ प्रदीप सिंह का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।