हैंसर। गुरुवार को विकास खंड पौली के कृषि विज्ञान केंद्र बगही और हैंसर ब्लॉक मुख्यालय पर किसान मेला का आयोजन किया गया। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को उन्नतशील खेती कर पैदावार बढ़ाने के बारे में बताया।
डीएम भूूपेंद्र एस चौधरी ने तकनीकी के लिए किसानों का आह्वान किया। विधायक श्री राम चौहान ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
बगही में डीएम भूपेंद्र एस चौधरी ने कहा कि किसानों को कृषि वैज्ञानिकों के बताए तरीके से खेती करने की जरूरत है। इससे पैदावार बढ़ेगी और किसान खुशहाल होंगे। इससे देश के विकास को गति मिलेगी। कृषि वैज्ञानिकों ने अधिक से अधिक जैविक खाद का प्रयोग करने की सलाह दी।
बताया कि सरकार खेती के उपकरण पर अनुदान देती है। किसान पंजीकरण कराने के बाद उपकरण के लिए जिला कृषि अधिकारी से संपर्क अवश्य करें। विधायक श्रीराम चौहान ने कहा कि सरकार किसानों की आय को दोगुनी करने के लिए हर संभव उपाय करके किसानों की आय में बढ़ावा करने का प्रयास कर रही है।
धान के मूल्य में की गई वृद्धि इस बात का प्रमाण है कि केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के हित के लिए प्रयासरत है। इस अवसर पर कृषि उप निदेशक सत्येंद्र कुमार त्रिपाठी, डॉक्टर जे के मौर्य, हेमंत चतुर्वेदी, प्रमुख पतिनिधि राममिलन यादव, गणेश पांडेय, एसडीएम बाबूराम आदि लोग मौजूद रहे।
हैंसर ब्लॉक पर आयोजित किसान मेले में किसान लक्ष्मी दुबे, राजन राय, प्रसिध नारायण पांडेय ने कहा कि किसान मेला का आयोजन तो कर दिया गया, लेकिन प्रचार-प्रसार नहीं होने से किसान नहीं आ सके।
किसानों ने कहा कि कृषि विभाग किसान मेला के आयोजन का केवल औपचारिकता निभा रहा है। इस मौके पर बीडीओ जव्वाद हुसेन, एडीओं पंचायत शिवकुमार तिवारी, संजय सिंह, प्रमुख दिगपाल पाल, अनिरुद्ध शुक्ल, श्रवण पांडेय, ओमप्रकाश राय, पंकज पांडेय, अभिषेक रावत, महेंद्र नाथ राय, दिलीप राय, रणविजय सिंह आदि मौजूद रहे।