संतकबीरनगर। सोमवार को ठंड व कोहरे का असर दिन भर बना रहा। सुबह कोहरे का व्यापक असर दिखा, जिसके कारण वाहन चालकों को लाइट जलाकर चलने के लिए मजबूर होना पड़ा। आसमान में बादल छाये रहने के कारण दिन भर सूर्य का दर्शन नाम मात्र हुआ। दूसरी तरफ कक्षा आठ तक के स्कूलों को 17 जनवरी तक के लिए बंद कर दिया गया है।
लोग सोमवार की सुबह सो कर उठे तो उनका सामना कोहरे व कड़ाके की ठंड से हुआ, जिन लोगों को बहुत जरूरी था वह ही घरों से निकले, जो निकले । वह भी जहां अलाव दिखा। वहीं ठहर गए। ठंड के कारण सरकारी दफ्तरों में कर्मचारी ठिठुरते नजर आए। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया। ठंड के कारण पशु-पक्षी भी बेहाल दिखे। कई पशु जहां अलाव जल रहा था, उसके इर्द-गिर्द मडराते रहे। नगरीय क्षेत्र में पालिका प्रशासन ने विभिन्न चौराहों पर अलाव की व्यवस्था की है। इधर बीएसए माया सिंह ने बताया कि ठंड को देखते हुए कक्षा एक से कक्षा आठ तक के विद्यालयों को बुधवार तक के लिए बंद कर दिया गया है। अब विद्यालय गुरूवार को खुलेंगे। उन्होंने बताया कि शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों पर उपस्थित रहेंगे।