संतकबीरनगर। जिले के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज बेलहर प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधि मंडल बुधवार को पुलिस उप महानिरीक्षक से मिला और कार्रवाई किये जाने की मांग की। प्रतिनिधि मंडल ने डीआईजी से पुलिस के लापरवाही की शिकायत की। डीआईजी ने आश्वस्त किया कि आरोपियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रांतीय उपाध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी ने डीआईजी को अवगत कराया कि शिक्षक जितेंद्र कुमार के अनुसार उन पर प्रबंधक पुत्र के इशारे पर जानलेवा हमला हुआ। घटना के छह दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक किसी भी अभियुक्त की गिरफ्तारी नही हो पायी है। आरोप लगाया कि पुलिस हमला करने वालों को संरक्षण दे रही है। मण्डलीय मंत्री एवं जिलाध्यक्ष संजय द्विवेदी ने कहा कि पुलिस अराजक तत्वों पर कठोर कार्रवाई करे, नही तो हम सब आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे। शिक्षकों को कमजोर समझने की भूल न की जाय। पीड़ित शिक्षक को न्याय मिलने तक हमारा विरोध जारी रहेगा।
इस दौरान राम पूजन सिंह, अजित कुमार पाल, मोहिबुल्लाह खान, गिरिजानंद यादव, राम चंद्र यादव, जय प्रकाश मिश्र, जितेंद्र कुमार नेहरू, विजय बहादुर सिंह, गुलाब मौर्या, दिग्विजय सिंह, युनुश अख्तर, विजय यादव, अब्दुल मुद्दसिर, राम कुबेर मौर्या, जय प्रकाश, अतिकुल्लाह, राम नारायण पांडेय, सहित अन्य मौजूद रहे।