संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र निवासी 15 वर्षीय किशोरी 23 सितंबर की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजन ने मझौआ खुजरी, बस्ती निवासी एक युवक पर बहला-फुसलाकर किशोरी को ले जाने का आरोप लगाया है। किशोरी के पिता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी 23 सितंबर को शाम करीब तीन बजे घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन और रिश्तेदारों तथा परिचितों से जानकारी करने के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।
परिजन को आशंका है कि मझौआ खुजरी निवासी दीपक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले गया है। बेटी की तलाश करते हुए जब वह आरोपी युवक के घर पूछताछ करने पहुंचे तो वहां उसके घरवालों ने गाली और जानमाल की धमकी देते हुए घर से भगा दिया।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है। आरोपी युवक और किशोरी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है। किशोरी की बरामदगी के साथ ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद