जीजीआईसी में राष्ट्रीय आय एवं छात्रवृत्ति परीक्षा देते परीक्षार्थी-स्रोत स्कूल
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय आय व योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत रविवार को दो केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कुल 1286 परीक्षार्थी नामांकित थे। उसमें से 145 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जबकि परीक्षा में 1141 परीक्षार्थी शामिल हुए। सभी केंद्रों पर परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।
आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को पैसे के अभाव में शिक्षा से वंचित न होना पड़े, इसके लिए स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग की ओर से राष्ट्रीय आय व योग्यता छात्रवृत्ति योजना संचालित की जाती है। परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों को एक हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति दी जाती है। परीक्षा में कक्षा छह से 12 तक के विद्यार्थी शामिल होते हैं। सत्र 2026-27 में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में कुल 1286 ने पंजीकरण कराया है।
राजकीय कन्या इंटर कॉलेज और हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। रविवार को दोनों केंद्रों पर परीक्षा हुई। राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ सबीहा मुमताज ने बताया कि उनके विद्यालय में 350 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। उसमें 318 परीक्षा में शामिल हुए जबकि 32 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। इसके साथ ही हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य एके ओझा ने बताया कि विद्यालय में 936 परीक्षार्थी नामांकित थे। 8232 परीक्षार्थी शामिल हुए और 113 परीक्षार्थियाें ने परीक्षा छोड़ दी है। डीआईओएस हरीशचंद नाथ ने बताया कि दोनों केंद्राें पर परीक्षा सकुशल संपन्न हो गई। कहीं से कोई शिकायत नहीं मिली।