संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने सोमवार देर रात गोला बाजार दक्षिणी स्थित एक मकान में छापा मारकर 145 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दो नवंबर की रात पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि गोला बाजार दक्षिणी स्थित एक मकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।
सूचना पर उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव और अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान हरि गोविंद पुत्र स्वर्गीय प्रहलाद निवासी गुलहरिया, थाना खलीलाबाद को गिरफ्तार किया गया। वह वर्तमान में गोला बाजार दक्षिणी में रह रहा था। पुलिस ने मकान से विभिन्न प्रकार के 145 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और उनकी बिक्री कहां की जानी थी। साथ ही भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रिहायशी इलाकों में नियमों के विपरीत बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण आग और विस्फोट जैसी घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे में अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।