प्रदेश के 560 चिकित्सकों का हुआ प्रमोशन
संतकबीरनगर में तैनात चार चिकित्सकों को मिला प्रमोशन
प्रमोशन पाए चिकित्सकों को परामर्शदाता बनाया गया
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शासन ने उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा नियमावली के तहत प्रदेश के 560 चिकित्सकों का प्रमोशन किया है। इन चिकित्सकों को प्रमोशन देते हुए परामर्शदाता के पद पर तैनात किया गया है। इसमें जिले के चार चिकित्सक भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव वी हेकाली झिमोमी की तरफ से जारी आदेश में उत्तर प्रदेश चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा नियमावली 2004 के तहत प्रादेशिक चिकित्सा एवं सेवा संवर्ग लेबल दो के चिकित्साधिकारियों को लेबल तीन के पदों पर पदोन्नति दिया गया है। इस पदोन्नति में प्रदेश के 560 चिकित्सक शामिल है। इनको वर्तमान तैनाती वाले स्थल पर ही परामर्शदाता पद पर तैनाती दी जाएगी। प्रमोशन पाने वाले इन चिकित्सकों में संतकबीरनगर जिले में संयुक्त जिला अस्पताल में तैनात डॉ. संतोष त्रिपाठी, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. एलसी यादव, डॉ. वीरेंद्र चौधरी शामिल हैं। प्रमोशन सूची जारी होने पर सीएमओ डॉ हरिगोविंद सिंह, अपर सीएमओ डॉ. जीएम शुक्ल, एसीएमओ डॉ. कपिलमुनि मिश्र, डॉ. एस रहमान, डॉ. आरपी राय, डॉ. ओपी चतुर्वेदी आदि ने बधाई दी है।