चार डॉक्टरों की सबद्धता समाप्त व वेतन रोकने के निर्देश
एडी हेल्थ बस्ती से तलब किया स्पष्टीकरण
निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों को फरवरी तक पूरा कराएं अधिकारी
फोटो
अमर उजाला ब्यूूरो
संतकबीरनगर। जिला अस्पताल के चार डॉक्टरों की संबद्धता समाप्त करने तथा उन्हें तत्काल जिले में कार्यभार ग्रहण करने के लिए प्रदेश की चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण सचिव बी. हेकोली झिमोमी ने एडी बस्ती को निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब तक ये डॉक्टर जिले में कार्यभार ग्रहण नहीं करते हैं, तब तक इनका वेतन रोक दें। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि यहां स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होनी चाहिए। बिना शासन की अनुमति से डॉक्टरों को सबद्ध करने पर एडी बस्ती से स्पष्टीकरण भी तलब किया। स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर स्टाफ एवं दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।
सचिव ने गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण 76 प्रतिशत होने पर नाराजगी जताई तथा इसे शत-प्रतिशत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस 102 एवं 108 क्रियाशील रखें तथा कम से कम समय में रोगी तक पहुंचे। निर्माण कार्यों की समीक्षा में उन्होंने कहा कि सभी नौ स्वास्थ्य उप केंद्र फरवरी तक पूरा कराएं। जिला अस्पताल में निर्मित 100 बेड के मैटरनिटी विंग का निरीक्षण करके निर्देश दिए कि सीएमओ, सीएमएस एवं कार्यदायी संस्था पूरे भवन का निरीक्षण कर संयुक्त रिपोर्ट दें। निर्माण में कमियों की सूची तैयार कर लें। इसके बाद ही विभाग इसे प्राप्त करेगा। उन्होंने 24 बेड पीकू को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि राजस्व वादों के निस्तारण में माह का मानक पूरा करें। पांच वर्ष से अधिक अवधि के मुकदमों के निस्तारण को प्राथमिकता दें। पांच वर्ष से अधिक लंबित चकबंदी वाले छह गांवों को मार्च-2019 तक पूरा करें।
एडीएम रणविजय सिंह ने बताया कि कर करेत्तर की वसूली पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में इस वर्ष 46 प्रतिशत अधिक है। भू-माफिया के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ मुकदमें दर्ज कराए गए हैं। छात्रवृत्ति की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि 24 जनवरी-2019 तक सभी पात्र छात्र-छात्राओं के खाते में धनराशि भेज दी जाए। 26 जनवरी-2019 को उन्हें प्रत्येक स्कूल, कॉलेज में इसका स्वीकृति पत्र भी दिया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री समग्र ग्राम योजना में चयनित सभी सात गांवों में विकास कार्यों से जुड़े विभागीय अधिकारियों को भौतिक सत्यापन करने तथा उपलब्ध बजट से कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन में समूह गठन करने एवं बैंक से लिंकेज कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले के नोडल अधिकारी के रूप में नए विचारों को वे शासन तक पहुंचाएंगी। बैठक में डीएम भूपेंद्र एस चौधरी, सीडीओ हाकिम सिंह, सीएमओ डॉ. हरगोविंद सिंह व अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।