पाइप से निकल जाता है पानी, सूखी रहती हैं टोटियां
शुद्ध पेयजल योजना का ग्रामीण क्षेेत्रों में बुरा हाल
अमर उजाला ब्यूरो
हैंसर। ग्रामीणों को शुद्ध पानी मुहैया कराने के लिए विकास खंड हैंसर बाजार और पौली के गांवों में वर्षों पूर्व निर्मल जल परियोजना के तहत पानी की टंकी बनवाई गई। जलापूर्ति के लिए गांवों में पाइप लाइन बिछाई गई। जब जलापूर्ति की बारी आई तो लीकेज के कारण पानी पाइप पर निकलकर बह गया और टोटियां सूखी रह गईं। इसके कारण गांव के लोगों को शुद्ध पानी नसीब नही हो पा रहा है। पानी की टंकी गांव के बाहर बनकर तैयार है लेकिन उपयोगिता के अभाव में वह भी बेकार पड़ी है।
विकास खंड हैंसर बाजार के चपरापूर्वी, मुंडेरा शुक्ल, बभनौली, रामपुर छितौनी, दरबार, नटवाबर और पाली ब्लॉक के बरगदवा, छपरामगर्बी, छितौनी आदि गांवों में शुद्ध पानी के लिए पानी टंकी का निर्माण किया गया। चपरापूर्वी निवासी हरीराम, रामसवारे, हीरालाल, दिनेश, मुण्डेरा शुक्ल गांव के श्रवण, पारसनाथ, प्रभुदयाल, सुरेमन आदि का कहना है कि गांव के बाहर पानी की टंकी बनाए जाने के बाद गांव में पाइपलाइन बिछाई गई। लेकिन जब ट्रायल के लिए पंप चालू किया गया तो पानी लीकेज करने लगा। तब से कई बार रास्ते को खोद कर पाइप लाइन ठीक करने का काम किया जा चुका है लेकिन पानी आगे न जाकर रास्ते में बह जाता है। गांव के लोगों का कहना है कि पाइप लाइन को ठीक कराने के लिए कई बार संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की गई लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।