संतकबीरनगर। मुफ्त जांच और इलाज के लिए लोगों को अब सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हो रहे आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में डेंगू, मलेरिया, टीबी सहित 14 प्रकार की जांच करा सकते हैं।
वर्तमान में जनपद में 172 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। इस सभी पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) तैनात हैं।
शासन की गांव के लोगों को पास में ही स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने की मंशा है। पहले आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कम जांच की सुविधा थी, लेकिन अब ग्रामीण स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शासन की तरफ से आरोग्य मंदिरों में टीबी, हैपेटाइटिस बी, गर्भावस्था की जांच, डेंगू, मलेरिया, फाइलेरिया सहित 14 प्रकार की निशुल्क जांच की सुविधा शुरू की गई है।
इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अब जांच के लिए सीएचसी, पीएचसी और जिला अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना होगा। पास के ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर जाकर अपनी संबंधित बीमारी की जांच करा सकते हैं।