कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्या सुनती डीएम और एसपी।संवाद
- फोटो : KHALILABAD
संतकबीरनगर जनपद के समस्त थानों पर शनिवार को समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 50 मामले आए और उसमें से 14 का निस्तारण किया गया। धनघटा, महुली और बखिरा थाने में एक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। डीएम दिव्या मित्तल और एसपी सोनम कुमार ने कोतवाली खलीलाबाद में लोगों की फरियाद सुनी।
कोतवाली में आयोजित समाधान दिवस पर डीएम दिव्या मित्तल ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंशानुरूप समाधान दिवस में आए हर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और समय सीमा के अंतर्गत उनका निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए। जिससे की फरियादियों को इधर-उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े।
शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता की जांच अब फरियादियों के मोबाइल पर बात कर की जाएगी। यदि निस्तारण में फर्जीवाड़ा मिला तो निश्चित ही निस्तारण करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कुल सात मामले आए और उसमें से तीन का निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम अजय कुमार त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
दुधारा थाने पर छह मामले आए और सभी का निस्तारण हुआ। धनघटा थाने पर 10, महुली थाने पर सात और बखिरा थाने पर दो मामले आए और किसी का भी निस्तारण नहीं हुआ। मेंहदावल थाने पर चार मामले आए और एक का निस्तारण, बेलहर थाने पर नौ मामले आए और एक का निस्तारण, धर्मसिंहवा थाने पर पांच मामले आए और तीन का निस्तारण किया गया।