मेंहदावल। ब्लॉक के 14 बेसिक विद्यालयों में छात्रों का नामांकन 50 से कम मिला है, जिसके बाद इन विद्यालयों को निकटस्थ विद्यालय के साथ अब युग्मित किया जाएगा। ऐसा स्थानीय परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं को देखते हुए छात्रहित में संसाधनों के अधिकतम उपयोग के उद्देश्य से किया गया।
उक्त जानकारी देते हुए बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय बानडूमर, छपिया अगंद, बिसौवां द्वितीय, गोरयाडाड़, खजुरा खुर्द, दमका, झलवा, सरहरी, थरौली, तिवारीपुर व विशुनपुर कछार के साथ ही उच्च प्राथमिक विद्यालय ददरा, ढोढ़ और समोगर में बच्चों का नामांकन अपेक्षाकृत कम है। वहां पर उपलब्ध भौतिक व शैक्षणिक संसाधनों में विद्यालय के भवन, कक्षा-कक्ष, आईसीटी उपकरण और विभिन्न शैक्षणिक सामग्री का समुचित व साझा उपयोग कर शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली एवं विद्यार्थी केद्रिंत बनाए रखने का निर्देश मिला है। इन विद्यालयों का निकटस्थ विद्यालय के साथ युग्मन करते हुए एक इकाई के रूप में कार्य किया जाएगा। जिससे कि अनुकूल छात्र संख्या के साथ ही शैक्षणिक संसाधनों का छात्र हित में अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। अपर्याप्त छात्र नामांकन वाले चिन्हित विद्यालयों का स्थलीय भ्रमण करते हुए वहां की अवस्थापना सुविधाओं, पहुंच, नामांकन और समावेशिता और स्थलीय परिस्थितियों एवं आवश्यकताओं का प्रस्ताव प्रस्तुत सुनिश्चित किया जाएगा।