विपक्ष नहीं चाहता कि वंश परंपरा तोड़कर कोई गरीब बने प्रधानमंत्री
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश के विकास के लिए केवल मोदी सरकार ने काम किया है। कांग्रेस, सपा और बसपा की सरकारों ने केवल गरीबों का वोट लिया, उनकी भलाई के लिए कुछ भी नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी का बचपन गरीबी में बीता है, वे अति पिछड़ा समाज से आते हैं। परंतु कांग्रेस, सपा और बसपा को वंशवाद की जगह अति पिछड़े समाज के व्यक्ति का प्रधानमंत्री बनना मंजूर नहीं। इनकी डिक्शनरी में जितनी गालियां है वह सब मोदी जी को दे रहे हैं। पुलवामा का बदला लेने के लिए जब एयरफोर्स ने बालाकोट के आतंकी अड्डों पर हमला किया तो पाकिस्तान के साथ-साथ कांग्रेस, सपा और बसपा दफ्तर में भी मातम था।
भाजपा उम्मीदवार प्रवीण निषाद के लिए जूनियर हाईस्कूल खलीलाबाद के मैदान में जनसभा को संबोधित कर रहे अमित शाह ने कहा कि आजादी के बाद देश पर शासन करने वाली कांग्रेस ने गरीबों के लिए कुछ भी नहीं किया। जब गरीब का बेटा प्रधानमंत्री बना तो उसने गरीबों की पीड़ा महसूस की और उनके लिए योजनाएं बनाईं। सात करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन, आठ करोड़ घरों में शौचालय और 50 करोड़ की आबादी को स्वस्थ रखने के लिए आयुष्मान भारत की सौगात दी। कांग्रेस के अलावा अखिलेश और मायावती रोज प्रधानमंत्री को गाली देते हैं। वे यह सहन नहीं कर पा रहे कि वंश परंपरा को तोड़कर अति पिछड़ा समाज का व्यक्ति प्रधानमंत्री बन जाए। इसलिए उनकी डिक्शनरी में जितनी गालियां हैं वह सब मोदी को दे रहे हैं। परंतु विपक्षी दल यह याद रखे कि गालियों का जितना कीचड़ फैलाओगे, कमल उतना ही खिलेगा। विपक्षी दलों पर हमलावर अमित शाह ने कहा कि मायावती कहती हैं कि नरेंद्र मोदी पिछड़ा है लेकिन ये वह जान लें कि मोदी पिछड़ा नहीं बल्कि अति पिछड़ा समाज से है। बीजेपी ने इस अति पिछड़े समाज के व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाया। राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए अमित शाह ने कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार में आतंकी आए दिन सैनिकों का सिर काट ले जाते थे और मौनी बाबा बोल नहीं पाते थे। इस बार मोदी ने दिखाया कि वह 56 इंच की छाती वाले असली मर्द हैं। पुलवामा हमले के बाद प्रधानमंत्री ने एयरफोर्स के अफसरों को बुलाया और उन्हें खुली छूट दी। इसके बाद सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर आतंकियों को मारा। इस पर पूरे देश में आनंद मना लेकिन पाकिस्तान के साथ-साथ कांग्रेस, सपा और बसपा के दफ्तरों में मातम मनाया गया। इनके नेता छाती पीटने लगे। क्या मारे गए आतंकी इनके चचेरे-ममेरे रिश्तेदार थे। चेतावनी के लहजे में कहा कि पाकिस्तान की तरफ से गोली आएगी तो भारत की तरफ से गोला जाएगा। चुनाव जीतें या हारें देश की सुरक्षा से समझौता नहीं करेंगे। अंत में पिछड़े व दलितों के साथ-साथ सवर्ण समाज को भी सहेजते हुए कहा कि मोदी सरकार ने बिना किसी के आरक्षण में हस्तक्षेप किए ही सवर्ण समाज को भी 10 फीसदी आरक्षण दिया है। उन्होंने योगी-मोदी की जोड़ी का उल्लेख करते हुए कहा कि गांव-शहर, किसान, पिछड़े, आदिवासी, दलितों की भलाई के लिए केंद्र की मोदी सरकार को पांच वर्ष का समय और चाहिए। इस सभा को केंद्रीय मंत्री शिवप्रताप शुक्ल और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर संजय निषाद, भाजपा उम्मीदवार प्रवीण निषाद आदि ने भी संबोधित किया।
ये लोग रहे मौजूद
मंच पर जिलाध्यक्ष सेतवान राय, विधायक दिग्जिवय नारायण उर्फ जय चौबे, राकेश सिंह बघेल, श्रीराम चौहान, अनीता कमल, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला, इंद्रजीत मिश्रा, पूर्व जिलाध्यक्ष रामललित चौधरी, श्यामकरन सिंह, अनिल त्रिपाठी, त्रयम्बक नाथ त्रिपाठी, सुभाष यदुवंश समेत तमाम भाजपा नेता मौजूद रहे।