हैंसर। उमरिया बाजार मार्ग पर धनघटा में स्थित बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में बुधवार की रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। जिससे दुकान में रखा गया सामान व बाहर पड़े बल्ली पटरा तथा ट्रैक्टर जल कर नष्ट हो गया। दमकल कर्मी कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाए।
उमरिया बाजार रोड के बगल धनघटा में धनघटा निवासी कपिलदेव यादव बिल्डिंग मटेरिएल की दुकान खोल रखे हैं। बुधवार की रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए। रात में करीब 11 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। जिससे बाहर रखे गए बल्ली, पटरा समेत अन्य सामान जलने लगे। वहीं पर खड़ा किया गया ट्रैक्टर को भी आग ने अपने चपेट में ले लिया। जिससे ट्रैक्टर और ट्रॉली समेत लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गए। आग पर काबू पाने के लिए करीब दो घंटे तक दमकल कर्मी व गांव के लोग परिश्रम किए। तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका।