संतकबीरनगर। जिले की तीनों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खलीलाबाद में डीएम भूपेंद्र एस.चौधरी ने शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का निर्देश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर शिकायतकर्ताओं से चर्चा भी की। इस दौरान कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुई, जिसमें से दो का मौके पर ही निस्तारित किया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने भी लोगों की समस्याओं को सुना तथा थानाध्यक्षों को निस्तारण का निर्देश दिया है।
डीएम ने कहा कि तहसील दिवस के अलावा भी आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में अधिकारियों ने अच्छा काम किया है। इसलिए प्रदेश में जिले को बेहतर स्थान प्राप्त हुआ है। पुलिस विभाग ने भी इस क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है।
भविष्य में भी इसी गति से कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि शिकायतों की जांच में अधिकारी जब मौके पर जाएं तो शिकायतकर्ता को अवश्य बुला लें। इससे समस्या को समझने में आसानी होगी। विभागीय निर्देशानुसार शिकायत के निस्तारण की कार्रवाई अधिकारी करें।
डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में प्राप्त शिकायतों की निगरानी शासन स्तर से भी की जाती है और शिकायतकर्ता से फोन पर निस्तारण के बारे में पूछताछ की जाती है। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होता है तो शासन स्तर से भी जांच करायी जाती है।
इसलिए अधिकारी सतर्कतापूर्वक शिकायतों का निस्तारण कर आख्या पोर्टल पर अपलोड करें। इस अवसर पर एसडीएम एसपी सिंह, परियोजना निदेशक प्रमोद यादव, तहसीलदार शशांक शेखर राय, सीओ रमेश कुमार आदि विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में मेंहदावल में सीडीओ हाकिम सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया, जिसमें कुल 75 मामले आए, मौके पर चार का निस्तारण किया गया, जबकि धनघटा में एसडीएम बाबूराम ने शिकायतें सुनी। यहां पर कुल 80 मामले आए, जिसमें से पांच का निस्तारण किया गया।