हैंसर। विकास खंड हैंसर बाजार व पौली ब्लॉक के 10 प्राथमिक विद्यालयों पर बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जाएगी। चयनित हुए विद्यालयों पर चुनाव बाद शिक्षकों की नियुक्ति होगी।
हैंसर व पौली ब्लॉक के 13 प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से करने के लिए शिक्षा विभाग ने सूची भेजा था। जिसमें से हैंसर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय हरेवा, कुरमौल, जगदीशपुर, कनैला, कटार मिश्र तथा पौली ब्लॉक के रोसया, नरायनपुर, बछईपुर, मड़पौना, बुजुर्गवार प्रथम को अंग्रेजी माध्यम से करने के लिए मंजूरी मिली। बीईओ ऋषिकेश सिंह ने बताया कि चयनित हुए विद्यालयों पर शिक्षक की नियुक्ति करने की प्रकिया चल रही है। चुनाव बाद इन सभी विद्यालय पर अंग्रेजी के अध्यापक नियुक्त हो जाएंगे। उसके बाद बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा मिलनी शुरू हो जाएगी। प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से चयनित होने पर हरेवा के प्रधान राजेंद्र प्रसाद मौर्य ने खुशी का इजहार करते हुए कहा कि काफी दिनों से वह प्राथमिक विद्यालय हरेवा को अंग्रेजी माध्यम से करने के लिए प्रयासरत रहे। अब मॉडल स्कूल हरेवा के बच्चे अंग्रेजी माध्यम से कुशल शिक्षक द्वारा शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। सरकारी प्राथमिक विद्यालयों पर अंग्रेजी माध्यम से अच्छी शिक्षा दिए जाने पर लोग अपने बच्चों को प्राईवेट स्कूलों पर नही भेजेंगे।
स्कूलों का समय बदलने की मांग की
मेंहदावल। भीषण गर्मी को देखते हुए अभिभावकों ने परिषदीय स्कूलों के संचालन समय में परिवर्तन की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि तपती दुपहरी में छुट्टी होने से बच्चे बीमार पड़ रहे हैं।
अठलोहिया के अभिभावक गंगाराम, कुसौनांखुर्द के सीताराम, राजेश, गंगाराम, आरती, सांड़ें खुर्द गांव के आनंद मिश्र, विश्वनाथ प्रसाद, संतराम, अजय तिवारी आदि का कहना है कि दोपहर 12 बजे मौसम बेहद गर्म हो जा रहा है। लू चलने की वजह से बड़े लोग भी इस वक्त घर से बाहर नहीं निकलना चाहते लेकिन दोपहर में ही बच्चों की स्कूल से छुट्टी हो रही है। इससे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। इसलिए स्कूल संचालन का समय सुबह सात बजे से 11 बजे तक होना चाहिए।