डीएम-एसपी के समक्ष निराश लौटे फरियादी
फोटो
तीनों तहसीलों पर कुल 375 मामले आए , 10 मामलों का निस्तारण
धनघटा तहसील पर डीएम और एसपी ने सुनीं फरियाद
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। जिले के तीनों तहसीलो में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 375 मामले आए। मात्र 10 का निस्तारण हुआ। धनघटा तहसील में डीएम के समक्ष आए 188 मामलों में से किसी का भी निस्तारण नहीं हुआ। इससे फरियादी निराश होकर लौट गए।
हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार धनघटा तहसील पर डीएम भूपेंद्र एस चौधरी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 188 मामले पेश हुए। एक भी समस्याओं का समाधान मौके पर नही किया जा सका। संपूर्ण समाधान दिवस पर जमीन संबधी 98 मामले आए। इसमें से कई ऐसे फरियादी रहे जो इसके पहले भी संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर समस्याओं का समाधान की मांग कर चुके, लेकिन उनकी समस्या ज्यो की त्यो है। मझौरा गांव निवासी कैलाशी देवी पत्नी रामचेत ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि उनकी पुश्तैनी जमीन पर गांव के कुछ लोग जबरन कब्जा कर रखा है, जिसे खाली कराने के लिए संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार फरियाद कर चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। बगही गांव निवासी सुशीला देवी पत्नी चंद्रप्रकाश ने कहा कि उनके पति एक इंटर कॉलेज में लिपिक पद पर कार्यरत हैं। उनका वेतन डीआईओएस ने कई माह से अकारण रोक रखा है। वेतन दिलवाया जाए जिससे परिवार का भरण-पोषण हो सके। इसी तरह विकास विभाग के 15, पुलिस के 39 अन्य 26 लोगों ने प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर एसपी आकाश तोमर, एसडीएम बाबूराम चौधरी, तहसीलदार वंदना पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।