चुरेब-मुंडेरवा के बीच भेलवसिया गांव के पास हुई घटना
युवक के दाहिने हाथ पर लिखा है सुदामा
अमर उजाला ब्यूरो
कांटे।
चुरेब- मुंडेरवा रेलवे स्टेशन के बीच भेलवसिया गांव के पास शनिवार को मालगाड़ी के आगे कूदकर एक युवक ने जान दे दी। घटना के बाद आसपास के लोग जुटे और चुरेब रेलवे स्टेशन मास्टर ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी।
कांटे चौकी इंचार्ज करुणाकर पांडेय ने बताया कि बस्ती से खलीलाबाद की तरफ जा रही मालगाड़ी के सामने भेलवसिया गांव के पास युवक ने कूद कर आत्महत्या कर ली। युवक की उम्र 25 वर्ष आंकी गई। युवक का बायां हाथ कट गया था। युवक नीले रंग की जिंस और मटमैले व सफेद रंग की टीशर्ट पहने हुए था। बाएं हाथ में फूलपत्ती बनी हुई है,जबकि दाहिने हाथ में गोदना से सुदामा लिखा है। गले में काला धागा और हाथ में कड़ा पहने हुए था। घटना के बाद जुटे आस-पास के लोगों से शव की पहचान कराए जाने की कोशिश की गई, लेकिन पहचान नहीं हो पाई। शव को कब्जे में ले लिया गया है और 72 घंटे इंतजार के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।