- मंडलीय ट्रायल में मिली सफलता, मिर्जापुर में कुश्ती और कानपुर में क्रिकेट की होनी है प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के 12 खिलाड़ियों ने मंडलीय ट्रायल में सफलता हासिल की है। यह खिलाड़ी मिर्जापुर और कानपुर में नवंबर माह में होने वाली क्रिकेट और कुश्ती प्रतियोगिता मेें हिस्सा लेंगे।
उप क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि पंडित दीनदयाल जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर राज्यस्तरीय सीनियर पुरुष वर्ग के क्रिकेट प्रतियोगिता में जिलास्तरीय ट्रायल में खिलाड़ी चयनित हुए थे। इसके बाद मंडलीय ट्रायल में शामिल हुए। जहां पर खिलाड़ी किशन गुप्ता, खुर्शीद आलम, शुभम यादव, गोकुल मिश्रा, गौरव रंजन ने सफलता पाई है। इसी तरह कुश्ती प्रतियोगिता के मंडलीय ट्रायल में जोगिंदर यादव, अनुराग राय, आदित्य चौरसिया, देव, आदित्य कुमार, आकाश यादव, अभिषेक यादव को चयनित किया गया है।
वहीं टीम मैनेजर यादवेंद्र यादव ने बताया कि कुश्ती की प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता चार से छह नवंबर को मिर्जापुर में होगी, जबकि क्रिकेट की प्रदेशस्तरीय प्रतियोगिता कानपुर जिले में 16 से 22 नवंबर के बीच आयोजित होगी। खिलाड़ियों की इस सफलता पर रमेश कुमार, मनोज यादव, चंद्रबली यादव, वीके विश्वास, इंद्रेश पांडेय समेत अन्य ने बधाई दी है।