उत्सव के साथ नववर्ष का स्वागत
कहीं केक काटकर तो कहीं गिफ्ट देकर किया नए वर्ष का स्वागत
बड़ी संख्या में लोगों ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया
फोटो
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। नए वर्ष के स्वागत में पूरी रात मगन रहे लोगों ने मंगलवार को भी अपने-अपने तरीके से आनंद लिया। किसी ने केक काटकर बांटा तो किसी ने प्रियजनों को उपहार दिया। लोगों ने सुबह परिवार समेत मंदिरों में जाकर दर्शन-पूजन के साथ भी नए वर्ष की शुरुआत की। हालांकि साधन संपन्न लोगों ने पिकनिक के लिए दूसरे शहरों का रुख किया।
खलीलाबाद शहर समेत अन्य कस्बों व ग्रामीण अंचलों में लोग नववर्ष के स्वागत की तैयारी में जुटे थे। मंगलवार की सुबह से ही युवाओं की टोली पिकनिक स्पॉटों की तरफ निकलने लगी थी। लोगों ने सुबह की दिनचर्या घर के बड़े बुजुर्गों केे आशीर्वाद व शुभकामना संदेश से शुरू किया। दिन में खलीलाबाद शहर की दुकानों पर गिफ्ट खरीदने वाले आते-जाते दिखे। लोगों ने अपने प्रियजनों को नववर्ष पर गिफ्ट दिया। उधर, मंगलवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस व अन्य सरकारी व प्राइवेट दफ्तरों में सुबह से लेकर पूरे दिन बधाई देने का सिलसिला चलता रहा। लोग नए वर्ष में एक-दूसरे की उन्नति व खुशहाली की कामना करते रहे। कई संस्थानों में कर्मचारियों ने इस अवसर पर केक काटकर जश्न मनाया। शिक्षक संस्थानों में भी पूरे दिन बधाई संदेश देने का सिलसिला चला।
सोशल मीडिया पर संदेश देते रहे
सोशल मीडिया पर सोमवार से चल रहा बधाई संदेशों का मैसेज मंगलवार की शाम तक भी जारी था। लोग प्रियजनों, मित्रों व परिचितों को फोटो व वीडियो शेयर करके बधाई देते रहे। अधिक दूर रहने वाले प्रियजनों से लोग वीडियो कॉलिंग के जरिए बात करते दिखे।