21 वर्ष में भी पूरी नहीं हुई बस डिपो की आस
फोटो
अब तक नहीं पूरी हुई जमीन की तलाश, नेता भी नहीं ले रहे रुचि
मजबूरी में लोगों को हाइवे के किनारे बसों का करना पड़ता है इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। केंद्र व प्रदेश सरकार उपलब्धियां गिनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। प्रयागराज के कुंभ मेला में हजारों लोगों को लाने-ले जाने के लिए बसों का इंतजाम कराया जा रहा है, लेकिन संतकबीरनगर जिले के लोग इससे मायूस हैं। वजह यह कि इस जिले में अब तक बस डिपो की स्थापना ही नहीं हुई। खलीलाबाद व मगहर जैसे कस्बे में बस स्टेशन तक नहीं है। यात्रियों को मेंहदावल बाईपास पर सड़क के किनारे खड़े होकर बसों का इंतजार करना पड़ता है।
जिले की स्थापना वर्ष-1997 में हुई थी, तभी से खलीलाबाद में बस डिपो की स्थापना की मांग की जा रही है। आम जन कई बार शासन-प्रशासन को पत्र लिखकर यात्री सुविधाएं बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जमीन की उपलब्धता न होने की बात कहते हुए इसे नजरअंदाज किया जा रहा है। पिछले सालों में शहर से सटे दो स्थानों पर जमीन भी चिह्नित करने की बात कही गई, लेकिन अब तक मामला फाइनल नहीं हुआ। इसका दंश रोडवेज यात्रियों को उठाना पड़ रहा है। बस डिपो नहीं होने से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बसों का संचालन कम ही होता है। मेंहदावल व धनघट क्षेत्र में दूसरे डिपो की बसें ही जाती हैं।
सुविधा के नाम पर कुछ नहीं
राहुल कुमार ने कहा कि परिवहन निगम सिर्फ किराया वसूलता है, लेकिन सुविधा नहीं देता है। उसे सबसे पहले यात्रियों के लिए छाजन की व्यवस्था करनी चाहिए। अजय सिंह ने कहा कि रोडवेज डिपो की स्थापना बेहद जरूरी है। जिला बने काफी साल हो गए, लेकिन एक बस स्टेशन नहीं बन पाया। सुविधाओं के नाम पर यात्रियों को छला जाता रहा है। विजय यादव ने कहा कि सुविधाओं के नाम पर सिर्फ परिवहन विभाग किराया वसूलता है। कृष्ण कुमार ने कहा कि बस डिपो न होने से दक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी माह में कुंभ शुरू होने जा रहा है, इसका खूब प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, लेकिन बस डिपो न होने से कुंभ यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
कुंभ यात्रियों को नहीं होगी परेशानी
परिवहन निगग बस्ती के एआरएम छोटेलाल ने कहा कि संतकबीनगरनर जनपद मुख्यालय पर बस डिपो की स्थापना के लिए जमीन देखी गई है। जमीन फाइनल होने के बाद बस डिपो की स्थापना कराई जाएगी। कुंभ जाने वाले यात्रियों के लिए बसों की व्यवस्था कराई गई है, उन्हें दिक्कत नहीं होने पाएगी।
सीएम से मिलकर करेंगे मांग
खलीलाबाद के विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे का कहना है कि जिला मुख्यालय पर बस डिपो की स्थापना बेहद जरूरी है। इसके लिए परिवहन मंत्री व मुख्यमंत्री से मिलकर पत्रक दिया जाएगा। डिपो बनने से जिले के लोगों को राहत मिलेगी।