संतकबीरनगर। बिजनौर जिले में अराजक तत्वों द्वारा भाकियू के संस्थापक स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमा तोड़े जाने से आक्रोशित भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांग पत्र प्रशासनिक अधिकारी को दिया गया।
भाकियू के जिलाध्यक्ष पंडित जर्नादन मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता पूर्वाह्न 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि बिजनौर जिले में कुछ अराजक तत्वों ने भाकियू के संस्थापक एवं किसान नेता रहे स्वर्गीय महेंद्र सिंह टिकैत की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। ऐसे में अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मांग किया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा को तत्काल ठीक कराया जाए। ऐसा नहीं किया गया तो भाकियू कार्यकर्ता वृहद आंदोलन करने को विवश होंगे। प्रदर्शन करने वालों में मंडल उपाध्यक्ष मातेंद्र प्रताप सिंह, राम दरश यादव, रामा यादव, कोला गुप्ता, राम सागर चौधरी, दयाराम विश्वकर्मा, इंद्रेश कुमार, राम टहल चौरसिया, छोटेलाल, दुर्गा प्रसाद चौधरी आदि लोग शामिल रहे।