संत कबीर के अंतर्ध्यान दिवस पर निकाली प्रभात फेरी
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। सद्गुरु कबीर के 501 वां अंतर्ध्यान दिवस पर कबीर चौरा मगहर में चल रहे दो दिवसीय कार्यक्रम का समापन शनिवार को हुआ। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न स्थानों से कबीर पंथी आए है। इस दौरान आमी आरती, प्रभात फेरी, सत्संग, कबीर भजन, भंडारा, चौका आरती, गुरुपूजा आदि के कार्यक्रम हुए।
संत कबीर की महापरिनिर्वाण स्थली मगहर में कबीर समाधि पर 501 वां अंतर्ध्यान दिवस समारोह मनाया गया। कबीर चौरा मठ के महंत विचार दास ने बताया कि आज से पांच सौ वर्ष पूर्व कबीर साहेब ने अपने शरीर को त्यागा था। इस अवसर पर सद्गुरु कबीर की स्मृति में दो दिवसीय अंतर्ध्यान दिवस मनाया जाता है। इस समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों, प्रान्तों से लोग शामिल हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत बीजक पाठ,ध्वजारोहण से हुई। शनिवार को भजन एवं सत्संग किया गया। सभी लोग भंडारे में प्रसाद ग्रहण किए हैं। इस बार अन्तर्ध्यान दिवस समारोह में इंग्लैंड से आए एंड्रिन हाई ने भी हवन कार्यक्रम में आहुति डाली। इससे पूर्व शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत आमी आरती, कबीरपंथी साधुओं, अनुयायियों के द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। जिसमें में डाक्टर हरिशरण शास्त्री, विनोद दस, राजेंद्र दास, केशव दास, रामलखन उर्फ लाल बाबा, शांति दास, अरविंद दास शास्त्री, उदय नारायण राय आदि लोग मौजूद रहे।