बैठक निरस्त होने पर अफसरों को मिली राहत
उपमुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक के लिए परेशान थे अफसर
सभी विभागों के अफसरों को बुलाया गया था मीटिंग में
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। दीपावली पर्व से पहले अचानक उपमुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक और वह भी रविवार को। शनिवार को इसकी सूचना मिलते ही अफसर तनाव में आ गए थे। रविवार को दिन के दो बजे तक अधिकांश विभागों के अफसर कलेक्ट्रेट पहुंच चुके थे, लेकिन शाम को जब बैठक निरस्त होने की खबर मिली तो उनके चेहरे की खुशी लौट आई।
मंगलवार से दीपावली का अवकाश है। सोमवार को एक दिन के लिए स्कूल व सरकारी दफ्तर खुले हैं। इसके चलते कई अफसर शनिवार को ही घर जाने की तैयारी में थे तो कुछ निकल भी गए थे, लेकिन दोपहर बाद उन्हें उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या के आगमन के साथ ही समीक्षा बैठक की जानकारी मिली थी। डीएम व सीडीओ की तरफ से इस बैठक में पूरी तैयारी के साथ आने का निर्देश मिले थे लिहाजा कई लोगों को घर से वापस आना पड़ा तो कइयों को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम भी रद्द करने पड़े थे। रविवार की दोपहर दो बजे तक कलेक्ट्रेट में सीडीओ समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अफसर विभागीय रिकार्ड के साथ पहुंच गए थे। कलेक्ट्रेट सभागार में दिन के तीन बजे से सभी विभागों की मीटिंग होनी थी। दीपावली से ऐन पहले इस मीटिंग को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही थीं। वहीं कई अफसर लक्ष्य पूरा नहीं होने पर डांट-फटकार की आशंका से सहमे हुए थे। सभी को लग रहा था कि दीपावली से पहले की यह मीटिंग त्योहार पर तनाव दे देगी, लेकिन अफसरों की किस्मत ठीक निकली और कार्यक्रम में देरी होता देख उपमुख्यमंत्री ने अचानक बैठक नहीं करने की सूचना डीएम को दी। कलेक्ट्रेट में उपमुख्यमंत्री का इंतजार कर रहे डीएम तुरंत अपनी गाड़ी से पुलिस लाइंस की तरफ चल गए। बैठक नहीं होने की सूचना मिलते ही अफसरों के चेहरे की रंगता लौट आई और सभी जल्दी-जल्दी घर निकल गए।