संतकबीरनगर। ड्रेस, जूता-मोजा और स्वेटर वितरण की समीक्षा को लेकर मंगलवार को मेंहदावल और खलीलाबाद तहसील के न्याय पंचायत समन्वयकों की बैठक आहूत की गई। बैठक में 27 न्याय पंचायत समन्वयक नहीं पहुंचे, जिससे नाराज जिला समन्वयक ने अनुपस्थित न्याय पंचायत समन्वयकों का वेतन रोकने की संस्तुति बीएसए से की है।
मेंहदावल बीआरसी पर बेलहर, सांथा और मेंहदावल ब्लॉक के न्याय पंचायत समन्वयकों की बैठक हुई, जिसमे बेलहर के आठ और सांथा के नौ न्याय पंचायत समन्वयक अनुपस्थित रहे। जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता रजनीश वैद्यनाथ ने कहा कि स्वेटर वितरण में तेजी लाए। इसके साथ ही ड्रेस वितरण और जूता-मोजा वितरण का उपभोग प्रमाण पत्र जल्द से जल्द जमा कर दें। इसमे किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें। यहां पर 17 न्याय पंचायत समन्वयक अनुपस्थित रहे। इसी तरह से सेमरियावां, बघौली और खलीलाबाद ब्लॉक के न्याय पंचायत समन्वयकों की बैठक बघौली बीआरसी पर हुई। जहंा पर बघौली के सात, खलीलाबाद के सात और सेमरियावां के एक न्याय पंचायत समन्वयक अनुपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि ड्रेस, जूता-मोज और स्वेटर वितरण की समीक्षा एडी बेसिक के निर्देश पर बुलाई गई थी। सभी सूचनाएं एडी बेसिक को भेजी जानी है। न्याय पंचायत समन्वयकों की अनुपस्थिति की वजह से समीक्षा नहीं हो पाई है, जिसकी वजह से अनुपस्थित समस्त न्याय पंचायत समन्वयकों का वेतन रोकने की संस्तुति बीएसए से किया गया है।