खलीलाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस पर समस्या सुनते डीएम और एसपी-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। जनपद के तीनों तहसीलों पर संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 109 शिकायतें आईं। मौके पर 22 का निस्तारण किया गया। अन्य मामलों में टीम भेजी गई और उसकी रिपोर्ट मांगी गई।
खलीलाबाद तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम आलोक कुमार ने की। डीएम ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। यहां कुल 39 मामले आए और मौके पर नौ का निस्तारण किया गया। जबकि अन्य मामलों में टीम को भेजा गया। इस अवसर पर एसपी संदीप कुमार मीना, सीडीओ जयकेश त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे।
मेंहदावल तहसील में एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश ने समस्याओं को सुनी। यहां कुल 32 मामले आए और मौके पर छह का निस्तारण हुआ। इस दौरान एसडीएम संजीव राय, सीओ सर्वदमन सिंह, तहसीलदार अल्पिका वर्मा आदि मौजूद रहे। धनघटा तहसील पर संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम न्यायिक चंद्रेश कुमार सिंह ने जन समस्याएं सुुनी। यहां पर 38 प्रार्थना पत्र आए इसमे से सात का मौके पर निस्तारण हुआ। अन्य प्रकरण में टीम को निस्तारण के लिए निर्देशित किया गया।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. सुनील कुमार, तहसीलदार रामजी, नायब तहसीलदार हरेराम यादव आदि मौजूद रहे।