हैंसर (संतकबीरनगर)। धनघटा क्षेत्र के चपरापूर्वी गांव में चार दिन पूर्व जमीन संबंधी विवाद में हुई मारपीट की घटना में घायल हुए एक किसान की उपचार के दौरान गुरुवार की शाम मेडिकल कॉलेज लखनऊ में मौत हो गई। परिजन शव को लेकर शुक्रवार को घर पहुंचे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने इस मामले में तीन के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया।
नंदप्रकाश मिश्र उर्फ छोटू मिश्र का आरोप है कि उसके भाई वेदप्रकाश मिश्र, ओमप्रकाश मिश्र और हरिप्रकाश मिश्र एक जनवरी की रात करीब आठ बजे दरवाजे पर अलाव ताप रहे थे। उसी समय गांव निवासी कुछ लोग हाथ में लोहे का राड, सरिया, हाकी, डंडा लेकर उन पर हमला कर दिया। जब तक लोग कुछ समझ पाते तब तक हमलावर प्रहार करके उन लोगों को गंभीर रुप से घायल करके भाग निकले। घायलों को थाने पर ले जाया गया, उसके बाद सीएचसी मलौली ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिए। वहां भी उन लोगों की हालत में सुधार नहीं आई तो मेडिकल कॉलेज लखनऊ ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान तीन जनवरी की शाम को घायल ओमप्रकाश 45 वर्ष की मौत हो गई। पीड़ित का आरोप है कि बीच बचाव करने गई घर की महिलाओं को भी हमलावरों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। घटना का कारण जमीन संबंधी विवाद है। एसओ प्रदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में रवींद्र कुमार उर्फ पप्पू पुत्र हरिश्चंद्र, जितेंद्र नाथ पुत्र जगदीश्वर और गौरव उर्फ गोलू के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और मारपीट के मामले में केस दर्ज किया गया। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी पुलिस की पकड़ में होंगे।