संतकबीरनगर। प्रयागराज में आयोजित कुंभ मेले के लिए शुगर मिल के पास अस्थायी बस अड्डा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इस बस अड्डे का संचालन 22 जनवरी से चार फरवरी तक किया जाएगा। सोमवार को निगम के जिम्मेदारों ने आकर बस अड्डा बनाने के लिए स्थान का चिह्नांकन किया और विभिन्न स्थानों पर संबंधित सुविधाएं देने के निर्देश दिए। इसके लिए एआरटीओ विभाग को शासन स्तर से दस लाख रुपये भी प्राप्त हो गए हैं।
महाकुंभ के लिए अस्थाई बस अड्डा से रोडवेज की बसों का संचालन होगा। 22 जनवरी से चार फरवरी तक श्रद्धालुओं को लेकर बसें प्रयागराज जाएगी। इसके लिए जनपद को 160 रोडवेज बस मिला हुआ है। जो मुखलिसपर, मेंहदावल एवं खलीलाबाद से संचालित होंगी। खलीलाबाद में स्थाई बस अड्डा न होने के वजह से अस्थायी बस अड्डा का निर्माण शुगर मिल के खाली ग्राउंड में होगा। शासन स्तर से दस लाख रुपये का आवंटन भी एआरटीओ विभाग को हो चुका है।
प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं, बस चालक व कंडक्टर की सुविधा के लिए अस्थायी बस अड्डा के पास रैनबसेरा, शौचालय, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था प्रशासन की ओर से किया जाएगा। सोमवार को दिन मेें प्रभारी बस अड़्डा टीएन दूबे ने खाली स्थान का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन से बातचीत चल रहा है। जल्द ही अस्थायी बस अड्डे से संबंधित सभी कार्य पूरा कर लिया जाएगा। 22 जनवरी को बसें आ जाएंगी और उनका संचालन शुरू करवा दिया जाएगा।