संभल। संभल-हसनपुर मार्ग पर पुलिया निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बाइक सवार युवक बुधवार को भोर के वक्त किसी समय गिर गया। उसे गुरुवार की सुबह राहगीरों ने देखा तो 112 पर डायल करके पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुरुवार को सुबह करीब साढ़े आठ बजे युवक को पुलिया के गड्ढे से निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सरकारी एबुलेंस से मुरादाबाद के लिए भेज दिया गया। युवक की बाइक क्षतिग्रस्त अवस्था में पुलिस के कब्जे में है। उसकी पहचान नहीं हुई है। युवक इस हालत में नहीं था कि वह अपने बारे में कुछ बता पाता। नखासा के प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने बताया कि पुलिया पर बेरिकेडिंग नहीं की गई थी। गड्ढे के चारों ओर मिट्टी पड़ी थी लेकिन ऐसे पुख्ता उपाय नहीं थे जिससे लोगों को गिरने से रोका जा सके।
हादसों का खतरा बरकरार
संभल। संभल-हसनपुर और संभल बहजोई मार्ग के निर्माण के वक्त जिन मानकों का पालन होना चाहिए, उनका पालन नहीं किया जा रहा है। आम आदमी और वाहन चालकों की जान को खतरा है। हादसे होने का अंदेशा है। जिला पंचायत के पूर्व सदस्य हरेंद्र सिंह का कहना है कि सड़क सुरक्षा के मानकों का पालन कराया जाए।